भोपाल 10 मार्च (आरएनएस)। राजधानी में बीते सप्ताह समाने आए कथित धर्म परिवर्तन, दुष्कर्म और देह व्यापार के धंधे में गरीब हिंदू लड़कियों को फंसाने के मामले में पुलिस जांच के दौरान लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में जांच एजेंसियों को पता चला है कि अमरीन और आफरीन का परिवार लखनऊ का रहने वाला है। उनके परिवार का ताल्लुक ईरानी कबीले से होने की बात भी सामने आई है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि लगभग 20 वर्ष पहले यह परिवार रोजगार की तलाश में भोपाल आकर बस गया था। परिवार में 6 भाई-बहन हैं, जिनमें चार बहनें और दो भाई शामिल हैं। दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक भाई मानसिक रोग से पीडि़त बताया जा रहा है।
परिवार भोपाल में सामान्य तौर पर जीवन यापन कर रहा था, लेकिन कोरोना में पिता की मौत हो गई। उसके बाद अमरीन और आफरीन ने जॉब करना शुरू की और स्पा सेंटर में काम करने के दौरान ही देह व्यापार से जुड़ गई। पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद दोनों बहनों के खिलाफ बागसेवनिया थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमरीन, आफरीन और उनके सहयोगी चंदन को गिरफ्तार कर लिया था। तीनों आरोपी फिलहाल न्यायालय के आदेश के बाद भोपाल की केंद्रीय जेल में बंद है।
पुलिस के अनुसार दोनों बहनों के पिता सिलाई का काम करते थे, लेकिन कोरोना काल के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई, जिसके चलते आमरीन और आफरीन ने काम करने का निर्णय लिया। शुरुआती दौर में दोनों ने स्पा सेंटर में काम किया। इसी दौरान उनका संपर्क कई प्रभावशाली लोगों से हुआ। जांच में यह भी सामने आया है कि बाद में दोनों बहनों ने स्वयं देह व्यापार का काम शुरू किया और धीरे-धीरे अन्य युवतियों को भी इस जाल में फंसाने लगीं। अब तक दो पीडि़ताएं सामने आ चुकी हैं, जबकि पीडि़ताओं का दावा है कि पांच से सात युवतियां इनके जाल में फंस चुकी हैं।
पीडि़ताओं के अनुसार दोनों बहनें पहले उनसे मीठी बातें कर घरेलू काम दिलाने का भरोसा देती थीं। जब युवतियां उनके संपर्क में आ जाती थीं, तो उनसे कुछ दिनों तक घर का काम करवाकर उनका विश्वास जीत लिया करती थीं। इसके बाद उन्हें छोटे कपड़े पहनाकर हाई प्रोफाइल लोगों की पार्टियों में ले जाया जाता था। पीडि़ताओं का आरोप है कि मौका पाकर चंदन, बिलाल चानू सहित अन्य उनके साथ दुष्कर्म करते थे। बाद में उन्हें गुजरात के अहमदाबाद में रहने वाले यासिर नामक व्यक्ति के पास भेज दिया जाता था, जहां नौकरी दिलाने के बहाने उन्हें देह व्यापार करने के लिए मजबूर किया जाता था।
पुलिस के अनुसार आमरीन और चंदन के मोबाइल फोन से भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। हालांकि आफरीन का मोबाइल गिरफ्तारी के समय जब्त नहीं हो सका था और वह पुलिस को लगातार गुमराह करती रही। वही मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। दूसरी और पीडि़ताओं ने अमरीन और आफरीन पर ड्रग तस्करी करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस इन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

