भोपाल 10 मार्च (आरएनएस)।अयोध्या नगर पुलिस ने शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 8 वारदातों का खुलासा किया है। आरोपियों के पास से 7 सोने की चेन, एक एक्टिवा और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक सहित करीब 17 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया गया है। लूटी गई चेन खरीदने वाले एक ज्वेलर्स को भी आरोपी बनाया गया है। अयोध्या नगर थाना प्रभारी महेश लिल्हारे और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह का खुलासा किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों में जोमैटो डिलीवरी एजेंट बनकर घूमते थे और महिलाओं को अकेला देखकर उनकी चेन झपटकर फरार हो जाते थे। लगातार हो रही घटनाओं से मिनाल रेजीडेंसी और आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं में दहशत का माहौल बन गया था।
2 मार्च को मिनाल रेजीडेंसी निवासी घनश्याम दास ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मां गोमती भकौरिया के गले से बाइक सवार दो बदमाश सोने की चेन झपटकर भाग गए। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर पुलिस ने भानपुर मल्टी के पास से दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने वारदात करना कबूल कर लिया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने मिनाल क्षेत्र में तीन और चेन स्नेचिंग की घटनाएं की थीं। इसके अलावा बागसेवनिया इलाके में भी तीन चेन स्नेचिंग और एक वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इन सभी घटनाओं का खुलासा करते हुए चोरी का माल बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल शर्मा (28) निवासी भानपुर मल्टी और आकाश उर्फ अभिमन्यु सिंह (22) निवासी रीवा के रूप में हुई है। दोनों भोपाल में किराए के मकानों में जगह बदल-बदलकर रहते थे ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें। पूछताछ में सामने आया कि दोनों महंगे शौक और शराब के लिए चेन लूट की वारदात करते थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने लूटी गई चेन भोपाल और रीवा में गिरवी रखी या बेच दी थीं। इनमें से कुछ चेन मुथूट गोल्ड फाइनेंस और एक स्थानीय ज्वेलर्स से जब्त की गई हैं। ओल्ड मिनाल रेजीडेंसी में रहने वाले ज्वेलर्स भुवन सोनी को भी चोरी का माल खरीदने के मामले में आरोपी बनाया गया है।
मुख्य आरोपी निखिल शर्मा के खिलाफ पहले से लूट, वाहन चोरी, नकबजनी और आम्र्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आकाश उर्फ अभिमन्यु सिंह भी इन वारदातों में उसका साथ देता था। पुलिस दोनों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।

