मेरठ 11 मार्च (आरएनएस )। अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच युद्ध के बीच तेल और गैस पूर्ति प्रभावित होने से जिले में 50 हजार उद्योगों पर असर पड़ गया है। परतापुर, ध्यानचंद नगर, आईआईए उद्योग एसोसिएशन के दावे के अनुसार अब तक आठ हजार से अधिक उद्योगों ने उत्पादन घटा दिया है। 50 यूनिटें बंद हो गई हैं। होटल, रेस्तरां के अलावा विवाह के आयोजनों में भी गैस की किल्लत से लोगों के मााथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई है।
तेल-गैस संकट ने औद्योगिक क्षेत्र की चिंता बढ़ा दी है। आईआईए के वाइस चेयरमैन राजीव अग्रवाल युद्ध से उपजे हालात को बड़ी चुनौती के रूप में देख रहे हैं। चैंबर फॉर डेवलपमेंट एंड प्रमोशन ऑफ एमएसएमई के सचिव आशुतोष अग्रवाल के मुताबिक गैस किल्लत की वजह से फाइबर ग्लास, पेंट, वेस्ट प्लास्टिक, कॉटन फाइबर, वेल्डिंग का काम प्रभावित हो गया है।
निर्यात के लिए समुद्र मार्ग बदले, बढ़ा किराया
युद्ध के चलते यूरोप सहित विभिन्न देशों में जाने के लिए समुद्र मार्ग पूरी तरह बदल गए हैं। भल्ला इंटरनेशनल के संचालक अशोक भल्ला ने बताया कि समुद्र मार्ग बदलने के कारण यूरोप में 800 डॉलर में वह 1400 डॉलर हो गया है। इसके अलावा इस्राइल, ईरान सहित कुछ देशों में सप्लाई बाधित है।
कॉमर्शियल सिलिंडर की किल्लत
सराफा कारोबारी डॉ. संजीव अग्रवाल के मुताबिक इंडस्ट्रियल गैस कॉमर्शियल सिलिंडर जो 1200 रुपये का है, वह अब ब्लैक में 1800 से दो हजार रुपये में मिल रहा है। वह भी अब कुछ जगह ही उपलब्ध है। गैस वितरक एसोसिएशन के पदाधिकारी नमो जैन ने बताया कि सुबह सर्वर डाउन हो गया था ऐसे में थोड़ी दिक्कत हुई। अब घरेलू सिलिंडर 25 दिन की बुकिंग पर दिया जा रहा है। कॉमर्शियल सिलिंडर की दिक्कत है।
एलपीजी आपूर्ति, 25 दिन बाद अग्रिम रिफिल
जिलापूर्ति अधिकारी ने 10 मार्च 2026 को आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के क्षेत्रीय बिक्री अधिकारियों संग बैठक की। अधिकारियों ने बताया कि मेरठ में घरेलू गैस सिलिंडरों की आपूर्ति शत-प्रतिशत हो रही है। तेल कंपनियों के पास उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप पर्याप्त एलपीजी भंडारण है।
पीएनजी की किल्लत नहीं, घरेलू कनेक्शन के लिए है भरपूर गैस
घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडरों की बुकिंग को लेकर भले ही उपभोक्ताओं में आपाधापी मची हो, लेकिन पीएनजी की किल्लत अभी नहीं है। घरेलू कनेक्शनों के साथ इंडस्ट्री व कॉमर्शियल कनेक्शनों पर भरपूर गैस की आपूर्ति की जा रही है। गेल के अधिकारियों का कहना है कि अगर भविष्य में दिक्कत आई भी तो केवल इंडस्ट्री की गैस आपूर्ति में 20 प्रतिशत की कटौती की जाएगी।
शहर में पीएनजी के 55 हजार घरेलू कनेक्शन हैं। इनके अलावा 100 इंडस्ट्री और 100 होटल, रेस्टोरेंट और अन्य संस्थानों में कॉमर्शियल गैस कनेशन हैं। गेल गैस लि. के प्रबंधक विनय कुमार के मुताबिक फिलहाल पीएनजी की आपूर्ति में कोई दिक्कत नहीं है। पेट्रोलियम मंत्रालय से पत्र जरूर प्राप्त हुआ है कि अगर पीएनजी की आपूर्ति में दिक्कत आए तो भी घरेलू कनेक्शन पर नहीं, सिर्फ इंडस्ट्री की आपूर्ति प्रभावित होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

