14 मार्च से शुरू होगा एचपीवी टीकाकरण अभियान
सुलतानपुर 11 मार्च (आरएनएस )। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए केन्द्र सरकार की ओर से ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण का विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी किशोरियों को मुफ्त एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण ने बताया कि यह टीकाकरण अभियान सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम से अलग एक विशेष राष्ट्रीय अभियान के रूप में चलाया जाएगा। इसमें गार्डासिल नाम की क्वाड्रिवैलेंट एचपीवी वैक्सीन की एक खुराक दी जाएगी, जो एचपीवी के टाइप 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करती है। यही वायरस सर्वाइकल कैंसर के मुख्य कारण माने जाते हैं। इसके अलावा यह टीका टाइप 6 और 11 से भी बचाव करता है। विशेषज्ञों के अनुसार 14 वर्ष की आयु में एक डोज लगाने से लंबे समय तक मजबूत सुरक्षा मिलती है। भारत में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है। हर वर्ष लगभग 80 हजार नए मामले सामने आते हैं, जबकि 42 हजार से अधिक महिलाओं की मौत इस बीमारी से हो जाती है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचपीवी वैक्सीन 93 से 100 प्रतिशत तक प्रभावी मानी जाती है और इसका सुरक्षा रिकॉर्ड भी काफी अच्छा है। वर्ष 2006 से अब तक दुनियाभर में 60 करोड़ से अधिक डोज दी जा चुकी हैं। कई देशों में इस टीकाकरण के बाद एचपीवी संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि यह टीकाकरण पूरी तरह मुफ्त और स्वैच्छिक होगा, ताकि सभी वर्गों की किशोरियों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित की जा सके। अभियान का शुभारंभ 14 मार्च 2026 को जिला महिला चिकित्सालय सुलतानपुर में किया जाएगा। यहां प्रत्येक कार्यदिवस पर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी किशोरियों को अभिभावकों की सहमति के बाद एचपीवी टीका लगाया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि जनपद में लगभग 27 हजार किशोरियों को इस अभियान के तहत टीका लगाया जाना है। शासन से वैक्सीन की आपूर्ति प्राप्त हो चुकी है और इसे कोल्ड चेन में सुरक्षित रखा गया है। टीकाकरण के लिए किशोरियों को पंजीकरण कराना होगा और स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था भी कोविड टीकाकरण की तरह की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए इस अभियान का लाभ अवश्य दिलाएं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

