सुल्तानपुर 11 मार्च (आरएनएस )। सोशल मीडिया पर एक विशेष समुदाय के प्रति कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष शहजाद अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सीओ सिटी सौरभ सामंत को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। शिकायती पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है,जिसमें समाज कल्याण विभाग सुल्तानपुर में तैनात कनिष्ठ सहायक अभिषेक गिरी द्वारा अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एक विशेष समुदाय के प्रति आपत्तिजनक व अभद्र टिप्पणी की गई है। आरोप है कि इस प्रकार की टिप्पणी से समाज में आपसी सौहार्द बिगडऩे की आशंका है और संबंधित समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकारी पद पर कार्यरत व्यक्ति द्वारा इस तरह की भड़काऊ व गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी करना अत्यंत निंदनीय है और इससे सामाजिक तनाव उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ उचित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए सख्त कार्रवाई करने की मांग की।ज्ञापन देने वालों में मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष शहजाद अहमद, अशोक सिंह बिशेन, सुल्तान खान, पवन यादव, सईद अहमद, सुरेश कुमार गौतम और संजय यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

