जौनपुर 11 मार्च (आरएनएस )। ब्लॉक संसाधन केंद्र करंजाकला में मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, स्थानीय प्राधिकारी के सदस्य, प्रधानाध्यापक तथा विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्षों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि करंजाकला सुनील यादव ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की प्रगति और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षकों, अभिभावकों और ग्राम पंचायतों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने निपुण भारत मिशन और समग्र शिक्षा अभियान के तहत चल रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी से शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग देने की अपील की। विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। उन्होंने कहा कि निपुण भारत मिशन के माध्यम से बच्चों को बुनियादी साक्षरता और गणितीय दक्षता प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों और समाज की सहभागिता भी जरूरी है। राम कृष्ण यादव, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) करंजाकला ने भी सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। करंजाकला क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

