लखनऊ 11 मार्च (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में अवैध खनन से लेकर अन्य अवैध कारोबार बड़े पैमाने पर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार और संसाधनों की लूट चरम पर पहुंच गई है और भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड टूट चुके हैं। खुलेआम अवैध खनन हो रहा है, लेकिन उस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि इस पूरे मामले में दिल्ली और लखनऊ के बीच मिलीभगत है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि न तो दिल्ली के ड्रोन को दिनदहाड़े हो रहा अवैध खनन दिखाई दे रहा है और न ही दूरबीन को। वहीं लखनऊ के जिम्मेदार लोग जैसे पहले से ही काला चश्मा लगाकर बैठे हैं, ताकि उन्हें न अपराध दिखाई दे और न ही कार्रवाई करनी पड़े, जबकि हिस्से की मलाई अपने आप घर तक पहुंचती रहे। उन्होंने कहा कि जब अवैध खनन के प्रत्यक्ष सबूत के रूप में वीडियो सामने आएंगे तो माननीय फिर कहेंगे कि यह एआई से तैयार किया गया वीडियो है।समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है, तब से प्रदेश के संसाधनों को खुलेआम लूटा जा रहा है। ऊपर से लेकर नीचे तक भ्रष्टाचार के मामले में सब एकजुट होकर लूट में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध खनन, दवाओं का अवैध व्यापार, वनों और पेड़ों की अवैध कटाई धड़ल्ले से जारी है और संसाधनों की ऐसी लूट पहले कभी नहीं हुई।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बादी की ओर धकेल दिया है। जनता कराह रही है और महंगाई तथा बेरोजगारी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के दोनों इंजन फेल हो चुके हैं और आम जनता को जरूरी वस्तुओं की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि पहले किसानों को खाद के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगना पड़ता था और अब लोगों को खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। कई स्थानों पर गैस के लिए लंबी कतारें लग रही हैं और गैस की कमी के कारण होटल व दुकानों के बंद होने की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी चरम पर है और आम जनता परेशान है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा सरकार, उसके मंत्री और नेता लगातार झूठे दावे कर रहे हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि लोगों को झूठी दिलासा देने के अलावा सरकार के पास कोई समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालातों के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है और नफरत की राजनीति करने वाली भाजपा को आम जनता की समस्याओं और परेशानियों की कोई चिंता नहीं है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

