लखनऊ 11 मार्च (आरएनएस )। उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 के लिए 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के दौरान परिवहन निगम की बसों में एडमिट कार्ड दिखाकर नि:शुल्क यात्रा किए जाने संबंधी सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही है, जिसे परिवहन निगम ने पूरी तरह असत्य और भ्रामक बताया है।प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि निगम मुख्यालय स्तर से उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 के अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड दिखाकर बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा देने के संबंध में किसी प्रकार का कोई कार्यालय आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही यह जानकारी पूरी तरह भ्रामक है और इससे अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।प्रधान प्रबंधक (संचालन) ने समस्त क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया पर प्रसारित इस भ्रामक सूचना का खंडन करते हुए बस अड्डों पर हेल्प डेस्क के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अभ्यर्थियों में नि:शुल्क यात्रा को लेकर किसी प्रकार का असमंजस न रहे।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी चालकों और परिचालकों को भी वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाए, जिससे मार्ग में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। संपर्क सूत्र के रूप में आशीष सिंह को नामित किया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

