लखनऊ 11 मार्च (आरएनएस )। नगर निगम लखनऊ द्वारा नागरिकों को बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अलीगंज के सेक्टर–बी में निर्मित अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर एवं जोनल कार्यालय (जोन–3) का बुधवार को लोकार्पण किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने इस आधुनिक भवन का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम रक्षा मंत्री एवं सांसद राजनाथ सिंह तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से आयोजित किया गया।लोकार्पण समारोह में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही, जबकि लखनऊ उत्तरी के विधायक डॉ. नीरज बोरा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद पृथ्वी गुप्ता, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, चीफ इंजीनियर सिविल महेश वर्मा, जोनल अधिकारी आकाश कुमार, जोनल सेनेटरी ऑफिसर मनोज यादव, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।नगर निगम लखनऊ के इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के निर्माण पर लगभग 13.11 करोड़ रुपये की लागत आई है। अलीगंज के सेक्टर–बी में पानी की टंकी के पास स्थित यह भवन लगभग 2184 वर्ग मीटर परिसर में विकसित किया गया है, जबकि भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 1297.50 वर्ग मीटर है। भवन को तीन तल—भूतल, प्रथम तल और द्वितीय तल—में तैयार किया गया है।भवन के भूतल पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से सीनियर सिटीजन कम्युनिटी एंड रिक्रिएशनल सेंटर बनाया गया है। यहां मनोरंजन एवं गतिविधि कक्ष, जिम एवं योग कक्ष, लगभग 800 पुस्तकों से सुसज्जित पुस्तकालय, वित्तीय एवं कानूनी परामर्श कक्ष तथा कैफेटेरिया की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा महिला, पुरुष और दिव्यांगजनों के लिए पृथक शौचालय की भी व्यवस्था की गई है, जिससे सभी वर्गों के नागरिकों को सुविधा मिल सके।भवन के प्रथम तल पर जोनल अभियंत्रण कार्यालय स्थापित किया गया है, जहां नागरिकों की सुविधा के लिए 16 पटल काउंटर बनाए गए हैं। इन काउंटरों के माध्यम से गृहकर, अभियंत्रण, जलकल, मार्ग प्रकाश, संपत्ति विभाग, उद्यान विभाग, जन्म–मृत्यु प्रमाणपत्र, नामांतरण, प्रचार एवं अतिक्रमण से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे नागरिकों को नगर निगम के विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।द्वितीय तल पर जोन–3 का जोनल कार्यालय स्थापित किया गया है, जहां से क्षेत्र से जुड़े प्रशासनिक और प्रबंधन कार्य संचालित किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार इस केंद्र के शुरू होने से अलीगंज सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को नगर निगम की सेवाएं अधिक सुगमता और पारदर्शिता के साथ मिल सकेंगी।इस अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों में आधुनिक और नागरिक केंद्रित सुविधाओं को विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जोन–3 में बनाया गया यह जोनल कार्यालय अत्याधुनिक और हाईटेक सुविधाओं से युक्त है, जहां नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में प्रदेश के अन्य शहरों में भी इसी तर्ज पर आधुनिक और हाईटेक जोनल कार्यालय विकसित किए जाएंगे, ताकि शहरी निकायों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जा सके।महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम लखनऊ लगातार नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रहा है। इस अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर के माध्यम से लोगों को गृहकर, नामांतरण, जन्म–मृत्यु प्रमाणपत्र सहित विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे नागरिकों का समय बचेगा और कार्यों में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि अलीगंज क्षेत्र के नागरिकों के लिए यह केंद्र अत्यंत लाभकारी साबित होगा। इससे जोन–3 के लोगों को नगर निगम की सेवाओं के लिए दूर-दूर तक भटकना नहीं पड़ेगा और सभी महत्वपूर्ण सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से शहर के विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिलेंगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

