लखनऊ 11 मार्च (आरएनएस )। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत थाना हसनगंज की मिशन शक्ति एवं पिंक बूथ 60 टीम द्वारा छात्राओं और महिलाओं को साइबर सुरक्षा तथा हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया गया। यह जागरूकता कार्यक्रम कैलाश छात्रावास के पास आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र की छात्राओं और महिलाओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, बैंक फ्रॉड और फर्जी कॉल जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रम का संचालन महिला कांस्टेबल ज्योति सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान करीब 20 से 30 छात्राओं और महिलाओं को डिजिटल माध्यम से होने वाले अपराधों के प्रति सचेत किया गया तथा उनसे बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। साथ ही उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि जरूरत पडऩे पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में लखनऊ कमिश्नरेट के 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर एक निरीक्षक, एक अतिरिक्त निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक और एक महिला उपनिरीक्षक की तैनाती की गई है, ताकि थाने पर आने वाली महिलाओं की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को 1090 महिला पावर लाइन, 112 आपातकालीन सहायता सेवा, 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन और 1098 चाइल्डलाइन जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला शक्ति केंद्र की सेवाओं के बारे में भी अवगत कराया गया, जिससे महिलाएं और छात्राएं किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद ले सकें।पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा साइबर अपराध और अन्य अपराधों से बचाव के प्रति सचेत करना है। यह अभियान महिला सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

