लखनऊ 11 मार्च (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला और दलितों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दलित खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है।प्रेसवार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग के चेयरमैन डॉ. अनिल जय हिन्द, अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन डॉ. राजेन्द्र पाल गौतम, मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सी.पी. राय, निवर्तमान प्रदेश महासचिव (संगठन) अनिल यादव, मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के चेयरमैन मनोज यादव भी मौजूद रहे।इस दौरान अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन डॉ. राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि देश की आजादी के लिए लाखों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी, लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि आर्थिक तंगी के कारण बच्चे पढ़ाई छोडऩे को मजबूर हैं और इलाज के अभाव में लोगों की जान जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार आजादी की लड़ाई के मूल सिद्धांतों के विपरीत काम कर रही है और जनहित के मुद्दों पर कमजोर साबित हो रही है।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने समय-समय पर सरकार की नीतियों को लेकर जो आशंकाएं जताई थीं, वे सही साबित हुई हैं। नोटबंदी से लेकर व्यापारिक समझौतों तक कई फैसलों को लेकर उनकी चिंताएं आज सच साबित हो रही हैं।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग के चेयरमैन डॉ. अनिल जय हिन्द ने कहा कि कांशीराम की जयंती को कांग्रेस पार्टी सामाजिक परिवर्तन दिवस के रूप में मनाएगी। इसके तहत 13 मार्च को एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें उनके विचारों को आगे बढ़ाने और सामाजिक न्याय के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी और एससी विभाग तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम ने लड़ी थी और आज उसी विचारधारा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रदेश में दलितों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने भदोही में जसलाल सरोज को जिंदा जलाने की कोशिश की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों और कमजोर वर्गों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी दलितों के मान-सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 13 मार्च को मनाया जाने वाला सामाजिक परिवर्तन दिवस केवल प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास होगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

