गूंजी अली मौला हैदर मौला की सदा
प्रयागराज 11 मार्च (आरएनएस)। पहले इमाम हजरत अली अलैहिस्सलाम की शहादत 21 रमजान सन साठ हिजरी को कूफा की मस्जिद में हुई थी उसी की याद में तीन दिवसीय शोक दिवस के अंतिम दिन बक्शी बाजार स्थित मस्जिद काजी साहब से अंजुमन ग़ुन्चा ए क़ासिमया व मोमेनीन की ओर से भोर में अंधेरा कर मोमबत्तियों की रोशनी में ताबूत मौला ए कायनात अमीरुल मोमेनीन निकाला गया।
फजर की अजान के बाद जैसे ही मौलाना जव्वादुल हैदर रिज़वी ने बा जमात नमाज अदा कराई और दुआओं का सिलसिला खत्म हुआ वैसे ही मस्जिद के साथ आसपास की गलियों की लाइट बंद कर अंधेरा कर दिया गया। मौलाना जव्वादुल हैदर रिज़वी ने हजऱत अली की शहादत का जिक्र करना शुरू किया तो हर तरफ से आहो बुका की सदा के गूंजने से माहौल संजीदा सा हो गया। अंजुमन ग़ुन्चा ए क़ासिमया के सदस्य स्टील के बड़े गहवारे में रखे ताबूत ए अली जो रेशमी व मलमल की चादर से ढका और गुलाब व चमेली के फूलों से सजा मौला ए कायनात का ताबूत लेकर आए तो हर तरफ से सियाह सैलाब उमड़ पड़ा। कांधा देने और बोसा लेने की होड़ सी मच गई।
मस्जिद से निकाल कर ताबूत का जुलूस हाता खुर्शीद हुसैन पर पहुंच कर संपन्न हुआ। वहीं दूसरा सबसे बड़ा कदीमी जुलूस इमामबाड़ा आजम हुसैन रानी मंडी से निकाला गया।
बाक्स
माहे रमज़ान की बाईस को पूरी रात होगी इबादत ए शबे कद्र
प्रयागराज। बृहस्पतिवार 22 रमजान को नमाजियों की पूरी रात मस्जिदों में इबादत में गुजरेगी। माहे रमजान की खास रातों में शुमार शबे कद्र बाईस रमजान की रात्रि से 23 वीं रमज़ान की सुबह तक विशेष नमाज़ व इबादत में मशगूल रहेंगे शिया मुसलमान। मस्जिद काजी साहब बक्शी बाजार, शिया जामा मस्जिद चक, मस्जिद बीबी खदीजा करेली, दरगाह मौला अली दरियाबाद, दरगाह इमाम हुसैन दरियाबाद, इमामबाड़ा अरब अली खान, मस्जिद चिराग अली,मस्जिद इमाम ए राज़ा दरियाबाद, बैतुससलात मुसल्ला ए ज़ीशान, इबादत खाना, मस्जिद मोहम्मदिया करेली लेबर चौराहा, मस्जिद नूर दायरा शाह अजमल, इमामबाड़ा मिर्जा नकवी बेग रानी मंडी सहित अन्य कई मस्जिदों में बृहस्पतिवार 22 रमजान को पूरी रात आमाल के साथ नमाज कज़़ा ए उमरी लगभग 100 रकात नमाज़ मस्जिद के पेश इमामों की कयादत में अदा की जाएगी।
सभी मस्जिदों में नमाजियों के लिए मस्जिद कमेटी की ओर से सहरी का इंतेजाम व रात भर चाय का इंतजाम रहेगा। उक्त सूचना मस्जिद काजी साहब के मोतवल्ली शाहरुख क़ाज़ी ने दी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

