रुद्रपुर,11 मार्च (आरएनएस)। शहर में बढ़ते लावारिस पशुओं की समस्या के समाधान के लिए लंबाखेड़ा में निर्माणाधीन गोशाला के विस्तार को शासन ने 84.21 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की है। यह धनराशि मेयर विकास शर्मा के प्रयासों से जारी हुई है। मेयर शर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा लंबाखेड़ा क्षेत्र में निराश्रित पशुओं के लिए बड़ी गोशाला का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना के प्रारंभिक चरण के लिए पहले ही शासन की ओर से 3.69 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए निगम प्रशासन ने 210.54 लाख रुपये का अतिरिक्त प्रस्ताव शासन को भेजा था। इसके सापेक्ष शासन ने कुल लागत का 40 प्रतिशत यानी 84.21 लाख रुपये जारी करने की अनुमति दे दी है। उन्होंने बताया कि स्वीकृत धनराशि से गोशाला के बुनियादी ढांचे को और मजबूत किया जाएगा। इसके तहत निराश्रित पशुओं के लिए आधुनिक शेडों की संख्या बढ़ाई जाएगी और चारे के भंडारण के लिए बड़े गोदाम बनाए जाएंगे। साथ ही परिसर में बीमार और घायल पशुओं के उपचार व टीकाकरण की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी। मेयर ने कहा कि गोशाला का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे गोसेवा के लिए समर्पित कर दिया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद शहर की सड़कों पर लावारिस पशुओं के कारण लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। उन्होंने इस धनराशि की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

