ऋषिकेश,11 मार्च (आरएनएस)। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही से पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उन्होंने सीएम से ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के बापूग्राम सहित अन्य क्षेत्रों में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद वन विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही के विषय में विस्तार से चर्चा की। बुधवार सुबह भराड़ीसैण स्थित सीएम आवास में ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उन्होंने सीएम को बताया कि बापूग्राम सहित इन क्षेत्रों में पिछले लगभग 75 से 80 वर्षों से 15 से 20 हजार परिवार निवास कर रहे हैं, जिनकी कुल आबादी लगभग 60 हजार के आसपास है। ऐसे में अचानक से वन विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही से हजारों परिवारों के सामने आवास और आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने अनुरोध किया कि क्षेत्र के हजारों परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आश्वस्त करते हुए कहा कि बापूग्राम के अतिरिक्त प्रदेश के तीन अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की समस्या सामने आई है और इन सभी मामलों का समग्र समाधान निकालने के लिए सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। इन विषयों को बहुत जल्द कैबिनेट में लाया जाएगा। ताकि प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा करते हुए उचित एवं व्यावहारिक निर्णय लिया जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

