भोपाल 11 मार्च (आरएनएस)। बिलखिरिया थाना क्षेत्र में हारमोनियम वादक विवेक तिवारी ने मंगलवार देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार तड़के अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
थाना प्रभारी उमेश चौहान के अनुसार, विवेक तिवारी (24) के खिलाफ नवंबर 2025 में रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। आरोप था कि उसने अपनी नाबालिग मंगेतर के साथ रेप किया था। दोनों परिवारों के बीच पहले से तय था कि लड़की के बालिग होने के बाद शादी कराई जाएगी।
पुलिस के मुताबिक युवक करीब 6 महीने जेल में रहने के बाद लगभग 20 दिन पहले जमानत पर रिहा हुआ था। जेल से आने के बाद वह मानसिक तनाव में था। घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस ने मृतक के कमरे को सील कर दिया है। एफएसएल टीम की मौजूदगी में कमरे की तलाशी ली जाएगी। परिजनों के विस्तृत बयान अभी दर्ज नहीं हो सके हैं।
रेप की शिकायत के बाद पीडि़ता के माता-पिता आरोपी के घर पहुंचे थे। इस दौरान युवक की मां और बहन ने उनके साथ मारपीट की थी। इस मामले में युवक के खिलाफ रेप-पॉक्सो और उसकी मां-बहन के खिलाफ मारपीट व धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
मृतक के पिता गांव में पुजारी हैं। पुलिस के अनुसार युवक इस बात से परेशान रहता था कि उसके मामले से पिता की प्रतिष्ठा खराब हुई। विवेक हारमोनियम वादन में माहिर था और उसे राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान भी मिल चुका था।

