भोपाल 11 मार्च (आरएनएस)। लोहे की रॉड से जामफल तोडऩे का प्रयास कर रहा युवक करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर की है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
चंदन कुशवाह पिता सुरेश कुशवाह (18) निवासी ईदगाह हिल्स वाटर कूलर सप्लाई का काम करता था। मौसेरे बहन की शादी में शामिल होने के लिए सोमवार को बिलखिरिया गया था। मेहमानी में वहीं रुका हुआ था। बुधवार दोपहर को लोहे की रॉड से जामफल तोडऩे का प्रयास कर रहा था।
तभी रॉड आंगन से गुजरी 33 केबी की लाइन से टच हो गई। इससे वह करंट की चपेट में आया, उसे बचाने गई बुआ भी झुलस गई। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने चंदन को मृत घोषित कर दिया। जबकि बुआ की हालत खतरे से बाहर है।

