भोपाल 11 मार्च (आरएनएस)। राजधानी भोपाल में हिंदू नववर्ष के स्वागत को लेकर 18 मार्च को ‘कर्मश्रीÓ संस्था अखिल भारतीय कवि सम्मेलन करेगी। इसमें देशभर के नामचीन कवि काव्य पाठ करेंगे। डॉ. कुमार विश्वास भी आएंगे।
हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा की संस्था कर्मश्री यह आयोजन कर रही है। इस बार 25वां आयोजन है। उन्होंने बताया, हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या पर 18 मार्च की रात 8 बजे से अटल पथ में यह आयोजन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दीप प्रज्जलवन कर कवि सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे।
इस मौके पर संत, धर्मगुरु सहित मंत्री और अन्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे। कर्मश्री संस्था के अध्यक्ष शर्मा ने बताया, पिछले ढाई दशकों से यह आयोजन भोपाल की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। हिंदू नववर्ष के स्वागत के लिए हजारों नागरिक एकसाथ एकत्र होकर काव्य, संस्कृति और परंपरा का उत्सव मनाते हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल कवि सम्मेलन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति के गौरव का उत्सव है।
ये कवि काव्यपाठ करेंगे-इस वर्ष के अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में कवि एवं श्रीराम कथा वाचक डॉ. कुमार विश्वास भी शामिल होंगे। आयोजक संस्था के अध्यक्ष शर्मा ने बताया कि अपनी प्रभावशाली वाणी और लोकप्रिय कविताओं के लिए प्रसिद्ध डॉ. कुमार विश्वास के साथ मंच पर देश के अनेक प्रसिद्ध कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। जिनमें दिनेश बावरा, सुदीप भोला, कुशल कुशलेंद्र, अजय अंजम, सान्या राय सहित जैसे कवि शामिल होंगे। हास्य, व्यंग्य, गीत, श्रृंगार और ओज रस की कविताओं से यह काव्य संध्या श्रोताओं के लिए यादगार बनने जा रही है।
आयोजकों के अनुसार इस कवि सम्मेलन में 50 हजार से अधिक श्रोताओं की उपस्थिति रहने का अनुमान है। कार्यक्रम में महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष बैठक व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष तैयारी की जा रही है। ताकि सभी नागरिक सहजता से कार्यक्रम का आनंद ले सकें। बैठक व्यवस्था ‘पहले आओ पहले पाओÓ के आधार पर की गई है। इसीलिए समय से काफी पहले आकर आगे की ओर भी अपना स्थान सुरक्षित किया जा सकता है। बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष रूप से कुर्सियों की व्यवस्था भी रखी गई है।
कवि सम्मेलन के आयोजन के अगले दिन 19 मार्च को आयोजन स्थल अटल पथ, तात्या टोपे स्टेडियम मार्ग, टीटी नगर पर ही संध्याकाल में नववर्ष पर भव्य आतिशबाजी का कार्यक्रम भी रखा गया है। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।

