रौनक कुमार शंकर
पश्चिम मेदिनीपुर 12 मार्च (आरएनएस)। जिले में आलू की खेती को लेकर एक दुखद घटना सामने आई है। चंद्रकोणा-1 ब्लॉक के रंगामाटी गांव में एक किसान ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक किसान की पहचान राखाल आड़ी के रूप में हुई है। परिवार और स्थानीय लोगों का आरोप है कि आलू की खेती में भारी नुकसान और कर्ज के बोझ के कारण किसान ने यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि राखाल आड़ी ने लगभग चार बीघा जमीन पर आलू की खेती की थी, जिसमें करीब 1 लाख 40 हजार रुपये खर्च हुए थे। खेती के लिए उन्होंने अपनी पत्नी के गहने गिरवी रखकर कर्ज लिया था। राखाल के पास अपनी संपत्ति के नाम पर मात्र 10 क_ा जमीन थी। परिवार में उनकी मां, पत्नी और दो बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, इस समय बाजार में आलू की कीमत बेहद कम है। फिलहाल आलू का भाव 320 से 350 रुपये प्रति क्विंटल चल रहा है। ऐसे में आलू बेचने पर भारी नुकसान हो रहा है, जबकि कोल्ड स्टोरेज में रखने का भी जोखिम बना हुआ है। बताया जा रहा है कि इसी आर्थिक तनाव के कारण पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पिछले शुक्रवार शाम को किसान ने कीटनाशक पी लिया। गंभीर हालत में उन्हें घाटाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान बुधवार रात उनकी मौत हो गई। किसान की मौत के बाद इलाके में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। चंद्रकोणा के तृणमूल कांग्रेस विधायक अरूप धारा मृतक के घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। वहीं विपक्ष का आरोप है कि राज्य सरकार की दूसरे राज्यों में आलू निर्यात नीति के कारण किसानों को उचित कीमत नहीं मिल रही है। दूसरी ओर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि यह मामला पारिवारिक विवाद का है और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी मामले की जांच कर परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

