प्रयागराज 12 मार्च (आरएनएस)। नवाबगंज हाईवे पर शहाबपुर गांव के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य युवक घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवाबगंज के तजिया गांव स्थित एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह में शामिल होने के बाद चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। सोमवार रात करीब 11:30 बजे नवाबगंज से सोरांव जाने वाले बाईपास पर शहाबपुर गांव के पास एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में थरवई थाना क्षेत्र के तकिया गारापुर निवासी पंकज पटेल (18) पुत्र चंद्रभूषण पटेल और कादीपुर सुपराबारी निवासी ज्ञान चंद्र पटेल (26) की मौके पर ही मौत हो गई। नीरज समेत दो अन्य युवक घायल हुए हैं। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौडि़हार ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में स्वरूप रानी अस्पताल, प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
नवाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत हुई है और दो का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात ट्रक की तलाश कर रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

