कुशीनगर, 12 मार्च (आरएनएस)। जनगणना 2027 की तैयारियों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित कप्यूटर कक्ष, लाइब्रेरी में जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के समस्त ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज अधिकारियों ने प्रतिभाग करते हुए जनगणना से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी हासिल की।
प्रशिक्षण के पहले दिन अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व एवं दायित्वों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के समग्र विकास तथा योजनाओं के निर्माण की आधारशिला है। इसलिए इस कार्य को पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया जाना आवश्यक है। अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना के प्रति व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करें तथा जनगणना से संबंधित सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य आगामी 22 मई से 20 जून तक किया जाएगा। इसके पूर्व 7 मई से 21 मई 2026 तक आम नागरिकों को स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित विवरण स्वयं दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का कार्य 9 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक संपन्न कराया जाएगा। जनगणना निदेशालय द्वारा नामित एवं जिला प्रभारी जनगणना अधिकारियों ने प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना की तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान सीएमएमएस पोर्टल, हाउस लिस्टिंग ऑफिसर (एचएलओ) के गठन, डेटा संकलन एवं रिपोर्टिंग प्रणाली पर विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। राज्य स्तर पर प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों द्वारा भी विभिन्न सत्रों में जनगणना की कार्यप्रणाली एवं जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण में समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी न्यायिक, समस्त तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी, समस्त नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी तथा समस्त जनगणना सहायक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

