लखनऊ 12 मार्च (आरएनएस )। गोमती नगर में निर्माणाधीन नगर निगम के नवीन भवन का महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने भवन में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए निर्माण एजेंसी सीएंडडीएस के अधिकारियों और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम के इस नए भवन से शहर की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी, इसलिए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।इसके बाद महापौर ने एसबीएम हॉल में निर्माण कार्य कर रही एजेंसी के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और हर शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की जाए, ताकि कार्यों में तेजी लाई जा सके और परियोजना समय पर पूरी हो सके।महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता के मानकों का पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम के इस नवीन भवन के निर्माण से शहरवासियों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।इस अवसर पर चीफ इंजीनियर (सिविल) महेश वर्मा, चीफ इंजीनियर आरआर मनोज प्रभात, अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा तथा निर्माण एजेंसी सीएंडडीएस के जीएम सौरभ श्रीवास्तव, प्रोजेक्ट मैनेजर एवं ठेकेदार के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

