लखनऊ/बलरामपुर 12 मार्च (आरएनएस )। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार प्रात: तुलसीपुर स्थित देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शन कर पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने मां की आरती उतारी और प्रदेशवासियों के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।पूजन के बाद मुख्यमंत्री गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गायों को गुड़ और चारा खिलाया। साथ ही मंदिर परिसर और गोशाला की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को बलरामपुर पहुंचे थे और मां पाटेश्वरी मंदिर परिसर में ही रात्रि विश्राम किया।मुख्यमंत्री ने आगामी नवरात्रि मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। मौके पर मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी और कालीबाड़ी मंदिर गोरखपुर के महंत रविंद्र दास भी मौजूद रहे।इस दौरान मुख्यमंत्री से गुरुवार सुबह कई जनप्रतिनिधियों ने भी मुलाकात की। विधायक पलटूराम, कैलाश नाथ शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र और नगर पालिका चेयरमैन धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने उनसे भेंट की। मुख्यमंत्री ने सभी का कुशलक्षेम जाना और कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दें तथा सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

