रायपुर, 12 मार्च (आरएनएस) राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सीएम हाउस के पास लूट और हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाशों ने एक युवक को घेरकर उससे नकदी लूट ली और विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के चेहरे और नाक पर गंभीर चोट आई है। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पीडि़त डेनियल मसीही, जो राजा तालाब शिव मंदिर के पास रहते हैं, कांकेर रोड स्थित एक वेज बस में सुपरवाइजर के रूप में काम करते हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह काम से लौट रहे थे।
इसी दौरान सीएम हाउस के पास अचानक पांच युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले डेनियल मसीही के साथ मारपीट की और फिर उनसे नकदी छीनने लगे। विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू निकालकर उनके चेहरे पर वार कर दिया, जिससे उनकी नाक और चेहरे पर गंभीर चोट लग गई। हमले के बाद आरोपी पीडि़त के पास रखे करीब 15 हजार रुपये लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।
पीडि़त ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।

