भोपाल 12 मार्च (आरएनएस)। अयोध्या नगर में रहने वाली एलएलबी फस्र्ट ईयर की छात्रा ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। खुदकुशी के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। घटना बुधवार की देर रात की बताई जा रही है।
एएसआई मनोज सिंह ने बताया कि अंकिता थापा पिता शिवा थापा (17) अयोध्या नगर थाने के पास रहती थी। एलएलबी फस्र्ट ईयर की छात्रा थी, लेकिन बीते एक महीने से कॉलेज नहीं जा रही थी। परिजनों से अकसर पढ़ाई में मन न लगने की बात कहती थी।
उसने अन्य किसी परेशानी का जिक्र परिजनों से नहीं किया। बुधवार रात उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। देर रात परिजनों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतका की एक जुड़वा बहन के अलावा एक छोटा भाई है।
पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट नहीं मिलने से आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। परिजनों के डिटेल बयानों के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

