भोपाल 12 मार्च (आरएनएस)। ईंटखेड़ी इलाके में रहने वाले क्रेन ऑपरेटर ने बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। पत्नी से विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया है। सुसाइड से पहले युवक ने अपने भाई और पत्नी को एक मैसेज भेजा, जिसमें उसने लिखा कि मैं अपनी घरवाली कृष्णा की वजह से अपनी जान दे रहा हूं। इसकी जिम्मेदार वही है।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। युवक के शव को गुरुवार सुबह करीब 5:45 बजे परिजनों ने घर में स्थित कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा था।
27 वर्षीय केशव धानक पुत्र घिसीलाल धानक जगदीशपुर थाना ईंटखेड़ी क्षेत्र का रहने वाला था। वह क्रेन ऑपरेटर था और 4 साल पहले कृष्णा नाम की युवती से शादी हुई थी। मृतक के चाचा विनोद का आरोप है कि शादी के बाद भी बहू का दूसरे युवक से प्रेम प्रसंग था। उसे दूसरे युवक से बात करते भतीजे ने रंगे हाथों पकड़ा था। इसके बाद से ही दोनों के बीच विवाद बना रहता था।
बहू आए दिन मायके चली जाती थी, कई-कई दिन तक लौटती नहीं थी। उसकी मां और बड़ी बहन भी भतीजे को कॉल कर प्रताडि़त करती थी। लगातार भतीजे को कॉल कर गंदी-गंदी गालियां दी जाती थीं और फर्जी मुकदमा लगवा कर जेल भिजवाने की धमकी देती थी। आए दिन की प्रताडऩा और बदसलूकी से परेशान जाकर भतीजे ने सुसाइड किया है।
विनोद ने बताया कि खुदकुशी से पहले बहू की बड़ी बहन ने भतीजे को कॉल कर गालियां दी थीं। जिसकी कॉल रिकॉर्डिंग भी हमारे पास मौजूद है और हमने यह रिकॉर्डिंग पुलिस को भी सौंप दी है। हम भतीजे के लिए न्याय चाहते हैं। उसे खुदकुशी के लिए मजबूर करने वाली उसकी सांस बढ़सास और पत्नी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
चाचा विनोद की ओर से पुलिस को चार ऑडियो क्लिप दी गई हैं। इन सभी में बहू उसकी मां और उसकी बड़ी बहन केशव को गालियां देती हैं। सरे राह कटवा कर फेंकने की धमकी देती हैं। फर्जी महिला अपराध में जेल भिजवाने की धमकी देती सुनाई दे रही हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी ऑडियो को जांच में शामिल किया गया है, जांच में आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेंगे।

