भोपाल 12 मार्च (आरएनएस)। समय सुबह 11 बजे। जगह-सूखी सेवनिया रेलवे स्टेशन। रेलवे अफसरों को सूचना मिली कि यहां एक ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इसमें कई यात्रियों के हताहत होने की सूचना है। स्टेशन मास्टर ने तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम को जानकारी दी और बचाव कार्य शुरू हो गया। दुर्घटना राहत ट्रेन के जरिए टीमें मौके पर पहुंचीं।
कुछ ही मिनटों में रेलवे की टीम मौके पर पहुंच गई और एनडीआरएफ के साथ ज्वाइंट बचाव ऑपरेशन शुरू किया। एम्बुलेंस को भी बुलाया गया। यहां एक ट्रेन के कोच एक-दूसरे के ऊपर चढ़े हुए थे। अंदर यात्री फंसे थे। टीम ने खिड़कियों के शीशे तोड़े, दरवाजे-छत को गैस कटर से काटा और सीढ़ी के जरिए यात्रियों को बाहर निकाला। फिर उनका प्राथमिक इलाज शुरू किया गया।
कुछ ऐसा ही नजारा गुरुवार को सूखी सेवनिया स्टेशन पर देखने को मिला। सुबह 11 बजे से यहां रेल हादसे की मॉक ड्रिल की गई। जिसमें रेल दुर्घटना जैसी परिस्थिति बनने पर एनडीआरएफ एवं भोपाल रेल मंडल की दुर्घटना राहत टीमें बचाव एवं राहत कार्य में जुट गई। मॉक ड्रिल ठीक वैसे की गई, जैसे कोई हादसा हो गया हो। मंडल रेल प्रबंधक भोपाल पंकज त्यागी भी मौजूद रहे।
ऐसे यात्रियों को बाहर निकाला इमरजेंसी गेट के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। वहीं, कुछ यात्रियों को गेट और छत के जरिए भी निकाला गया। विशेष रूप से बोगी के नीचे फंसे यात्रियों को एयरबैग की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेलवे मेडिकल टीम ने घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार प्रदान किया।

