गुना 12 मार्च (आरएनएस)। रूठियाई इलाके में गुरुवार दोपहर पति-पत्नी की लाश मिली है। लाश तीन से चार दिन पुरानी बताई जा रही है। पूरी तरह काली पडऩे के साथ ही बॉडी डीकंपोज होने लगी थी। प्रारंभिक जानकारी अनुसार, आशंका है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की होगी, फिर खुद सुसाइड किया होगा।
धरनावदा थाना प्रभारी ने बताया कि मृत युवक का नाम सूरज सहरिया (24) है। वह बजरंगगढ़ की बीस भुजा कॉलोनी का रहने वाला था। वहीं युवती का नाम आरती है। उसकी गुमशुदगी का मामला बजरंगगढ़ थाने में दर्ज है। दोनों रूठियाई में ईंट भट्टों के पास बने कमरे में रह रहे थे।
सूरज का भाई पास ही दूसरे ईंट भट्टे पर रहता है। पिछले दो दिन से दोनों दिखाई नहीं दिए। बुधवार रात भाई ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया, तो वह वापस चला गया।
आज (गुरुवार) सुबह भाई फिर कमरे पर गया और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसे देखकर उसे शक हुआ। उसने गेट तोड़कर अंदर देखा। कमरे के अंदर युवती की बॉडी जमीन पर पड़ी थी, जबकि युवक का शव फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पहले यह जानकारी सामने आई थी कि दोनों लिव इन में रह रहे थे। लेकिन, युवक के बड़े भाई विनोद ने बताया कि दोनों ने लगभग छह महीने पहले शादी कर ली थी। उसने मुझे आकर फोटो दिखाई थी कि टेंशन मत ले मैंने शादी कर ली है।
विनोद ने बताया कि उसकी अपने भाई सूरज से शनिवार को आखिरी बार बात हुई थी। उसने कहा था कि तू रूठियाई आ जा, अपन काम करेंगे। सूरज ईंट भट्टे पर मिट्टी बाहर फेंकने का काम करता था। वहीं उसकी पत्नी पानी लेकर बैठी रहती थी।
दोनों के चेहरों पर होली का कलर भी लगा है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि रंगपंचमी वाले दिन दोनों ने होली भी खेली थी। एक दूसरे को जमकर रंग लगाया था। उसी के बाद से ही किसी ने उन्हें नहीं देखा। जिला अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल के द्वारा दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया गया है।

