इस्तांबुल ,13 मार्च । मध्य पूर्व में अमेरिका, इजऱायल और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान ने अमेरिकी और इजऱायली हमलों के जवाब में खाड़ी क्षेत्र में मौजूद कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है और उन पर मिसाइल तथा ड्रोन से हमले किए हैं। इसी कड़ी में ईरान द्वारा तुर्की में स्थित नाटो के एक महत्वपूर्ण सैन्य अड्डे को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई है, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढऩे की आशंका जताई जा रही है।रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने तुर्की के इंसिरलिक एयर बेस को निशाना बनाते हुए हमला किया। हमले के बाद इलाके में विस्फोट और सायरन की आवाजें सुनाई देने की जानकारी मिली। हालांकि शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हमले को एयर डिफेंस सिस्टम ने इंटरसेप्ट कर लिया।
इंसिरलिक एयर बेस नाटो का एक अहम सैन्य अड्डा माना जाता है, जहां अमेरिकी सैन्य उपस्थिति भी है। विभिन्न रिपोर्ट्स के अनुसार, नाटो की परमाणु साझेदारी व्यवस्था के तहत इस बेस पर अमेरिका के कुछ परमाणु हथियार भी स्टोर किए जाने की आशंका जताई जाती रही है।
मध्य पूर्व में जारी इस संघर्ष के कारण क्षेत्रीय हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। ईरान खाड़ी क्षेत्र में कई सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है, जबकि इजऱायल और अमेरिका भी ईरान के खिलाफ लगातार सैन्य कार्रवाई कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार तेहरान समेत कई स्थानों पर एयर स्ट्राइक की गई हैं। इसके अलावा लेबनान में भी इजऱायल द्वारा हमले किए जाने की खबरें सामने आई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में हालात और गंभीर होते जा रहे हैं।
00

