कराची ,13 मार्च । अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के ताजा हवाई हमले में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। अफगान सरकार ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान ने काबुल समेत कई प्रांतों में नए हमले किए हैं। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार काबुल, कंधार, पक्तिया, पक्तिका और कुछ अन्य क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। काबुल पुलिस ने बताया कि पाकिस्तानी हमले में राजधानी में चार लोगों की मौत हो गई।
काबुल पुलिस के प्रवक्ता खालिद जादरान ने बताया कि पाकिस्तानी बमबारी में रिहायशी घरों को निशाना बनाया गया, जिसमें चार लोगों की मौत हुई और 15 अन्य घायल हो गए।
नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप
तालिबान सरकार ने गुरुवार को कहा कि पूर्वी अफगानिस्तान में पाकिस्तानी तोपखाने और मोर्टार हमले में एक ही परिवार के चार सदस्य मारे गए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे। काबुल के अधिकारियों के मुताबिक सीमा पार झड़पों के कारण मंगलवार से अब तक अफगानिस्तान में सात लोगों की मौत हो चुकी है।
सरकार के उप-प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने बताया कि ये मौतें गुरुवार तड़के खोस्त प्रांत के सादको गांव में हुईं। उन्होंने पाकिस्तान पर जानबूझकर नागरिकों के घरों और खानाबदोशों के तंबुओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया। फितरत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ङ्ग पर लिखा कि एक खानाबदोश परिवार के चार सदस्य—एक महिला, एक पुरुष और दो बच्चे (एक लड़की और एक लड़का)—मारे गए, जबकि तीन अन्य बच्चे घायल हो गए।
पाकिस्तान ने दी सफाई
वहीं पाकिस्तान ने नागरिकों को निशाना बनाने के आरोपों से इनकार किया है। इस्लामाबाद में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर हुसैन अंद्राबी ने कहा कि पाकिस्तान ने पूरी सावधानी के साथ लक्षित अभियान चलाया और यह सुनिश्चित करने की कोशिश की कि किसी भी नागरिक को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि अभियानों के दौरान कड़ी निगरानी रखी गई और केवल निर्धारित लक्ष्यों को ही निशाना बनाया गया। इससे पहले मंगलवार को भी फितरत ने बताया था कि सीमावर्ती प्रांत पक्तिया में पाकिस्तानी गोलाबारी में तीन नागरिकों की मौत हुई थी। चिकित्सा सूत्रों ने भी एएफपी को यही संख्या बताई।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

