रौनक कुमार शंकर
पश्चिम मेदिनीपुर 13 मार्च (आरएनएस)। बकाया महंगाई भत्ता (डीए) सहित चार सूत्री मांगों को लेकर संघर्षशील संयुक्त मंच और विभिन्न कर्मचारी-शिक्षक संगठनों द्वारा शुक्रवार को बुलाए गए बंद के कारण पश्चिम मेदिनीपुर के मेदिनीपुर शहर में तनाव का माहौल देखने को मिला। बंद को सफल बनाने के लिए सुबह से ही बंद समर्थक सड़कों पर उतर आए और शहर में जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के गेट के सामने धरना देकर विरोध प्रदर्शन भी किया। इसके बाद सुबह करीब साढ़े दस बजे आंदोलनकारियों ने विद्यासागर विद्यापीठ (बालक) और विद्यासागर विद्यापीठ (बालिका) स्कूल के सामने भी प्रदर्शन किया। आरोप है कि इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्रों को स्कूल में प्रवेश करने से रोकने की कोशिश की। हालांकि स्कूल प्रबंधन ने स्थिति को संभालते हुए छात्रों को स्कूल के अंदर प्रवेश करने की व्यवस्था की। इस दौरान बंद समर्थकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीच कुछ देर तक बहस भी हुई। घटना के दौरान कुछ छात्र-छात्राएं वापस घर लौट गए, लेकिन दोनों स्कूल प्रशासन के अनुसार अधिकांश विद्यार्थी स्कूल में प्रवेश कर कक्षाओं में शामिल हो सके। बंद को लेकर शहर में दिनभर पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

