चित्रकूट 13 मार्च (आरएनएस)। बांदा के जमुनीपुरवा निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह परिवार के साथ गुरुवार को चित्रकूट आए थे। देर रात को बच्चों व महिलाओं के साथ कामदगिरी की परिक्रमा कर रहे थे। जैसे ही लक्ष्मण पहाड़ी के पास पहुंचे तो दो बदमाश आए और उनकी पत्नी के कान के टाप्स को खींचकर भागने का प्रयास किया। इससे महिला चिल्लाते हुए गिर गई और यह देख उनके साथ बच्चे डर गए। बदमाश महिला का टाप्स छीन नहीं पाए। वह कुछ आगे चल रहे थे जैसे ही उन्होंने पलट कर देखा तो बदमाशों को पकडऩे का प्रयास किया। इसी दौरान बदमाश लोहे की रॉड व डंडे से उन्हें पीटने लगे और फिर भाग निकले। सूचना पर खोही पुलिस चैकी की टीम पहुंची लेकिन बदमाश नहीं मिले। कोतवाल श्यामप्रताप पटेल ने बताया कि पीडित ने तहरीर देने के लिए कहा लेकिन शुक्रवार की शाम तक कोई पत्र नहीं दिया है। इसके बावजूद बदमाशों की तलाश की जा रही है।

