रुद्रपुर,13 मार्च (आरएनएस)। शहर में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर शुक्रवार सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन की अपील के बावजूद लोगों की भीड़ कम नहीं हो रही है। स्थिति यह है कि कई जगहों पर ऑनलाइन बुकिंग बंद होने से उपभोक्ताओं को सीधे एजेंसियों पर पहुंचकर बुकिंग कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। गाबा चौक स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर ऑनलाइन बुकिंग नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं के लिए हॉफलाइन बुकिंग शुरू करनी पड़ी। सुबह से ही एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी लाइनें लगी रहीं और सिलेंडर पाने के लिए उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ा।
एजेंसी के प्रबंधक प्रमोद पांडे ने बताया कि शुक्रवार को गैस की एक गाड़ी पहुंची थी, जिससे 360 उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि दूसरी गाड़ी का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आने के बाद और उपभोक्ताओं को राहत मिल सकेगी। उधर, कई उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर की कालाबाजारी होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एजेंसियों पर लंबी लाइन लगाने के बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जबकि कुछ लोगों को ब्लैक में सिलेंडर दिए जाने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। इसके अलावा उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की है कि होम डिलीवरी की व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है। कई घरों तक सिलेंडर नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों को खुद एजेंसियों पर जाकर सिलेंडर लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। गैस संकट को लेकर शहर में लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। यदि जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

