रुद्रपुर,13 मार्च (आरएनएस)। पंतनगर विश्वविद्यालय में शुक्रवार से 119वां अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी शुरू हो गई। मेले के पहले ही दिन किसानों में उन्नत बीज, कृषि साहित्य और नई तकनीकों के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला। विवि के विभिन्न विभागों और अनुसंधान केन्द्रों के लगाए गए स्टॉलों पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ी और बड़ी संख्या में खरीदारी की गई। मेले के दौरान विवि के विकसित उन्नत किस्मों के बीजों की बिक्री लगभग नौ लाख रुपये से अधिक की हुई। इसके अलावा मेले में विवि के प्रकाशनों, पुस्तिकाओं और तकनीकी साहित्य की भी अच्छी मांग देखने को मिली। कृषि, पशुपालन, उद्यान और गृह विज्ञान से संबंधित पुस्तकों की बिक्री करीब 10 हजार रुपये तक पहुंच गई। वहीं विभिन्न अनुसंधान केन्द्रों द्वारा तैयार किए गए उच्च गुणवत्ता वाले पौधों की भी बिक्री की गई, जिन्हें किसानों ने अपने खेतों और बागानों के लिए खरीदा। मेले के पहले दिन गांधी हॉल में विशेष व्याख्यान माला का भी आयोजन किया गया।मेले के पहले सत्र में ‘पशुओं में रोग प्रबंधनÓ विषय पर पशुओं में होने वाली बीमारियों की पहचान, रोकथाम और उपचार के उपाय बताए गए। इसके बाद दूसरे सत्र में ‘पर्वतीय क्षेत्रों में श्रम उन्मूलनÓ विषय पर व्याख्यान हुआ, जिसमें पहाड़ी क्षेत्रों की महिला किसानों के लिए खेती के कार्यों को आसान बनाने वाली तकनीकों और उपकरणों की जानकारी दी गई। मेले में किसानों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। पहले दिन करीब 1320 किसानों ने पंजीकरण कराया। इनमें सितारगंज, खटीमा, कोटाबाग सहित आसपास के क्षेत्रों के किसान बड़ी संख्या में पहुंचे। इसके अलावा नेपाल से भी कई किसान मेले में भाग लेने आए। चार दिवसीय किसान मेले के माध्यम से किसानों को नई कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, पशुपालन और कृषि आधारित उद्यमिता की जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

