धमतरी 14 मार्च 2026(आरएनएस)धमतरी में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 488 ग्राम गांजा और बिक्री की नगदी सहित कुल 28,900 रुपये का मशरूका जब्त किया है। इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की भी संलिप्तता सामने आई है, जिसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धमतरी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि महिमासागर वार्ड में नहर पार स्थित मुक्ति धाम के पास दो युवक गांजा बेचने का अवैध कारोबार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखते ही वहां मौजूद गांजा खरीदने आए कुछ लोग मौके से भाग निकले, लेकिन पुलिस ने मौके पर मौजूद दो संदेहियों को पकड़ लिया। पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम मुकेश सोनकर (22 वर्ष) निवासी रामपुर वार्ड धमतरी बताया, जबकि उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी मौजूद था। तलाशी लेने पर बालक के पास रखे क्रीम रंग के थैले से पारदर्शी पॉलीथीन में रखा 488 ग्राम गांजा और 20 छोटे प्लास्टिक रेपर बरामद किए गए, जिनका उपयोग गांजा पैक कर बेचने के लिए किया जाता था। वहीं आरोपी मुकेश सोनकर के पास से गांजा बिक्री की नगदी 4,500 रुपये भी बरामद की गई।
बरामद गांजा की कीमत करीब 24,400 रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 28,900 रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में सिटी कोतवाली धमतरी में आरोपी मुकेश सोनकर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

