धमतरी 14 मार्च 2026(आरएनएस) थाना अर्जुनी पुलिस ने अपनी मानवीय और संवेदनशील कार्रवाई से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को सुरक्षित उपचार के लिए राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय सेंद्री, बिलासपुर पहुंचाया। घटना 12 मार्च की शाम हुई, जब ग्राम मुजगहन के पास भटकती हुई महिला मिली। महिला ने अपना नाम कुमारी बाई सतनामी, पिता सुगम सतनामी, उम्र लगभग 41 वर्ष, निवासी पिथौरा, जिला महासमुंद बताया।
महिला की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत उसे सुरक्षार्थ सखी सेंटर धमतरी में पहुंचाया ताकि उसे सुरक्षित आश्रय मिल सके। अगले दिन महिला की मानसिक स्थिति गंभीर पाई गई, जिसके बाद थाना अर्जुनी पुलिस ने जिला अस्पताल धमतरी में चिकित्सकीय परीक्षण करवाया। चिकित्सकों ने महिला को उच्च स्तरीय उपचार की आवश्यकता बताई।
सुरक्षा और उपचार सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने न्यायालयीन आदेश हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेश के बाद महिला को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय सेंद्री, बिलासपुर में भर्ती कराया गया, जहाँ उसके इलाज की निगरानी की जा रही है।

धमतरी पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की मानवीय कार्रवाई से असहाय और जरूरतमंद व्यक्तियों की सुरक्षा एवं उपचार सुनिश्चित किया जाता है और ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

