रायपुर,14 मार्च (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थानाक्षेत्र स्थित एक ज्वेलरी शॉप से सोने का रानी हार लेकर भागी महिला को पुलिस ने दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि टिकरापारा थाना क्षेत्र के लालपुर स्थित ज्वेलरी दुकान के संचालक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12.03.26 को दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवक उनकी ज्वेलरी दुकान पर सोने का रानी हार खरीदने के बहाने आए। उस समय दुकान में उनके पुत्र भी मौजूद थे। जिस पर दोनों महिला को रानी हार दिखाए। खरीदारी के दौरान महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल तथा चांदी की बिछिया पहन ली और यह कहते हुए बहाना बनाया कि उसकी एक सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है, जो एक और हार खरीदेगी। कुछ देर बाद महिला फोन पर बात करते हुए दुकान के बाहर गई और यह कहकर निकल गई कि वह अपनी सहेली को लेकर आती है। काफी देर तक वापस नहीं आने पर उसके साथ आए युवक से पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम मेषराम साहू तथा महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। पूछताछ के दौरान युवक भी मौका पाकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पकड़ लिया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना टिकरापारा में धारा 305 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी गए जेवरों की बरामदगी हेतु पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए। थाना टिकरापारा पुलिस की टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी, उसके पुत्र एवं पकड़े गए आरोपी से विस्तृत पूछताछ की गई। साथ ही आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन कर तकनीकी सहायता से आरोपिया के भागने के संभावित मार्गों का पता लगाने के साथ ही महिला आरोपी के संबंध में दुर्ग पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया। प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों एवं सघन पतासाजी के आधार पर फरार महिला आरोपी को दुर्ग शहर से चोरी किए गए जेवरों सहित पकडऩे में सफलता मिली। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली (1 जोड़ी), सोने की अंगूठी, चांदी की पायल (1 जोड़ी), चांदी की बिछिया (3 जोड़ी) तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जुमला कीमती लगभग 5,33,000 रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया। आरोपियों का पुलिस रिमांड लेकर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
मामले में पुलिस ने आरोपी कमलेश्वरी साहू पति लक्ष्मीनारायण साहू उम्र 35 साल निवासी ग्राम चांपा, बजरंग चौक के पास, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा तथा मेषराम साहू पिता स्व. खूबचंद साहू उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम बिरोदा, बकतरा रोड के पास, थाना अभनपुर, जिला रायपुर को गिरफ्तार किया है।
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

