0 विद्यार्थियों ने चलाया स्वच्छता अभियान
रायपुर, 14 मार्च (आरएनएस) । नदियों के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को खारुन नदी अध्ययन यात्रा की शुरुआत की गई। इंटरनेशनल डे ऑफ एक्शन फ़ॉर रिवर्स के अवसर पर विकासार्थ विद्यार्थी, छत्तीसगढ़ प्रांत द्वारा रायपुर के महादेव घाट से इस अध्ययन यात्रा का शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 8 बजे खारुन नदी तट पर स्वच्छता अभियान के साथ हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर नदी किनारे साफ-सफाई की और लोगों को नदी संरक्षण के प्रति जागरूक किया। प्रतिभागियों को नदियों के महत्व, उनके संरक्षण की आवश्यकता और वर्तमान समय में नदियों के सामने खड़ी चुनौतियों के बारे में भी जानकारी दी गई।विकासार्थ विद्यार्थी के राष्ट्रीय सह-संयोजक इंदीवर शुक्ला ने बताया कि खारुन अध्ययन यात्रा के माध्यम से नदी की वर्तमान स्थिति का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नदी में बढ़ते प्रदूषण, जल स्रोतों की स्थिति, आसपास के पर्यावरणीय प्रभाव और स्थानीय समुदाय की भूमिका का भी अध्ययन किया जाएगा। इस अध्ययन के आधार पर भविष्य में नदी संरक्षण के लिए ठोस सुझाव तैयार किए जाएंगे और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह मंत्री प्रथम राव फूटाने ने बताया कि इस अध्ययन यात्रा का उद्देश्य युवाओं और समाज को नदियों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर संवाद, निरीक्षण और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि समाज में नदी संरक्षण को लेकर सकारात्मक संदेश पहुंच सके।इस अवसर पर रवि गुप्ता, शिवम गोयल, योगांत वर्मा, सक्षम पाठक, कुणिका खोडियार सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

