०कलेक्टर ने नियमों का पालन करने आमजन से की अपील
धमतरी,14 मार्च (आरएनएस)। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के सुरक्षित उपयोग और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर गैस सिलेंडरों के भंडारण तथा उपयोग से जुड़े नियमों की जांच की।जांच के दौरान टीम ने गैस सिलेंडरों के सुरक्षित भंडारण, वैध दस्तावेजों तथा वितरण व्यवस्था की पड़ताल की। निरीक्षण में कुछ स्थानों पर अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित संचालकों को नियमानुसार समझाइश दी गई और आवश्यक कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग या अवैध रिफिलिंग करना नियमों के विरुद्ध है और ऐसा पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।कलेक्टर मिश्रा ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें। इससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।उन्होंने कहा कि आगे भी समय-समय पर इस तरह के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, ताकि गैस सिलेंडरों के उपयोग में सुरक्षा और पारदर्शिता बनी रहे।
००००

