शिवहर 14 march, (Rns): जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित ताजपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पुरानी रंजिश के चलते एक दो साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी गई। दरिंदगी का आलम यह था कि हत्या के बाद मासूम के शव को एक बोरे में बंद करके छिपा दिया गया था। मृतक की पहचान ताजपुर निवासी अरुण साह के दो वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और हड़कंप का माहौल है।
एक महीने पहले दी थी ‘वंश खत्म’ करने की धमकी
जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड की जड़ें एक पुरानी दुश्मनी में छिपी हैं। बताया जा रहा है कि मासूम के परिवार और उनकी पड़ोसन पार्वती देवी के बीच करीब एक महीने पहले किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था। उस झगड़े के दौरान गुस्से में आकर पार्वती देवी ने अरुण साह के परिवार को उनका ‘वंश खत्म’ कर देने की खौफनाक धमकी दी थी। अरुण साह परिवार के पालन-पोषण के लिए असम के दीमापुर में मजदूरी करते हैं, और उनके पीछे यह खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया गया।
खेलते-खेलते अचानक हुआ गायब, फिर पड़ोसी के घर मिली लाश
शुक्रवार की दोपहर मासूम सुजीत अपने घर के दरवाजे पर खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब बच्चा नहीं मिला तो घबराकर नगर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस की टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए बच्चे की तलाश शुरू कर दी। इसी बीच शक के आधार पर जब पुलिस ने पड़ोसी महिला के घर की तलाशी ली, तो वहां एक बोरे में बंद मासूम का शव बरामद हुआ, जिसे देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार, कबूला अपना गुनाह
बोरे में बच्चे का शव मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पड़ोसी महिला पार्वती देवी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। एसपी ने बताया कि मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

