रियाद/तेहरान ,14 मार्च । पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह होता जा रहा है। ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच जारी हमलों और जवाबी कार्रवाई के कारण पूरे क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। मिसाइलों और ड्रोन हमलों के बीच यह संघर्ष अब 15वें दिन में प्रवेश कर चुका है और हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। इसी बीच सऊदी अरब से एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि ईरान ने सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी एयरबेस पर हमला किया, जिसमें अमेरिकी वायुसेना के कई विमान क्षतिग्रस्त हो गए।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस को भी निशाना बनाया और वहां बमबारी की। इन हमलों में वहां खड़े अमेरिकी वायुसेना के पांच रिफ्यूलिंग विमान क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि सूत्रों के मुताबिक विमान पूरी तरह नष्ट नहीं हुए हैं और उन्हें मरम्मत के लिए भेज दिया गया है। इस हमले में किसी के घायल होने या मौत की खबर नहीं है।
इससे पहले पश्चिमी इराक में अमेरिकी वायुसेना का एक केसी-135 स्ट्रैटोटैंकरविमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सवार सभी छह क्रू मेंबर की मौत हो गई थी। इसके अलावा 1 मार्च को कुवैत में अमेरिकी वायुसेना के तीन एफ-15 ईगल लड़ाकू विमान फ्रेंडली फायर की घटना में गिर गए थे। हालांकि इन विमानों के सभी एयरक्रू सुरक्षित बच गए। रिपोर्ट्स के अनुसार कुवैत के एक एफ/ए-18 हॉरनेट विमान ने गलती से इन एफ-15 विमानों को निशाना बना दिया था।
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया पिछले 15 दिनों से बारूद के ढेर पर खड़ा है। इसकी शुरुआत 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों से हुई थी। इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आई थी। इसके बाद से ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइल और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं। इसके चलते पूरे पश्चिम एशिया में तनाव सातवें आसमान पर पहुंच गया है और इसका असर वैश्विक स्तर पर भी देखा जा रहा है।
00

