कोरबा,14 मार्च (आरएनएस) जिले में छेड़छाड़ से परेशान एक नाबालिग लड़की ने आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि शादी समारोह के दौरान एक युवक ने नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की थी। इस घटना से पीडि़ता मानसिक रूप से परेशान हो गई और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना पसान थाना क्षेत्र के कोरबी चौकी इलाके की है। मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की शादी समारोह में शामिल होने आई थी। उसी दौरान आरोपी नरेंद्र ने लड़की के साथ छेड़छाड़ की। इस छेड़छाड़ के बाद पीडि़ता लोक-लाज और मानसिक प्रताडऩा से अत्यधिक प्रभावित हो गई।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लड़की ने इस मानसिक तनाव और सामाजिक दबाव से क्षुब्ध होकर छिदिया नर्सरी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मामले में आरोपी नरेंद्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इनमें आत्महत्या के लिए उकसाने, अपहरण, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध शामिल हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
०००

