धमतरी, 15 मार्च 2026(आरएनएस) अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूटी से अवैध शराब परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाया गया, जिसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस के अनुसार पेट्रोलिंग के दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बस्तर रोड स्थित सोरिद नगर काली मंदिर के सामने से एक स्कूटी में दो व्यक्ति अवैध शराब लेकर श्यामतरई की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर स्कूटी को रोक लिया।
जांच के दौरान स्कूटी चालक ने अपना नाम मोहम्मद इमरान (33) निवासी विकास नगर, गुढियारी रायपुर तथा वर्तमान में पुरूर ढाबा जिला बालोद में रहने वाला बताया। पुलिस को उसके पास मौजूद सफेद थैले और स्कूटी की डिक्की पर संदेह हुआ। तलाशी लेने पर थैले से 20 पौवा देशी मसाला यूनिक शराब और स्कूटी की डिक्की में रखे पट्टीदार थैले से 18 पौवा देशी प्लेन यूनिक शराब बरामद हुई। कुल 38 पौवा यानी 6 लीटर 840 मिलीलीटर अवैध शराब की कीमत करीब 3440 रुपये बताई गई है।
आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया। गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कब्जे से 38 पौवा देशी शराब और स्कूटी जुपीटर क्रमांक CG 24 P 0322, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये है, जप्त कर लिया गया। कुल 18,440 रुपये का माल जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद इमरान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं इस अवैध कारोबार में शामिल विधि से संघर्षरत बालक की सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

