उत्तर बस्तर कांकेर, 15 मार्च (आरएनएस) उत्तर बस्तर कांकेर जिले में उजियारा अभियान के तहत अवैध शराब पर शिकंजा कसते हुए थाना चारामा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम बागडोंगरी में अपने घर में अवैध रूप से हाथ भट्टी से बनी महुआ शराब बेचने वाले आरोपी ईश्वर नेताम (40) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से अलग-अलग 06 बोतलों में कुल 7.5 लीटर महुआ शराब और 200 रुपये नगद बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध मुक्त समाज अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू (रा.पु.से.) एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर श्री मोहसीन खान (रा.पु.से.) की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ संदिग्ध के घर पर छापा मारकर शराब जप्त की और आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की।
पुलिस टीम में निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, सउनि टीकम सोने, सउनि सालिक निषाद, आरक्षक सेवन ध्रुव शंकर खुंटे और आरक्षक विद्या मंडल शामिल थे। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अपराध पर नियंत्रण पुलिस और जनता की साझा जिम्मेदारी है। जिले में संचालित अपराध हेल्पलाइन नंबर 9479155125 पर दी गई प्रत्येक सूचना पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और यह बड़े अपराधों को रोकने में मददगार साबित हो सकती है।

