बस्तर 15 मार्च 2026(आरएनएस) उत्तर बस्तर के कांकेर जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना छोटेबेठिया क्षेत्र में डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने दिनांक 15 मार्च 2026 को बड़ी सफलता हासिल की। अभियान के दौरान ग्राम हापाटोला और बीनागुण्डा के जंगल पहाड़ी क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प से चार प्रेशर कुकर व पाइप आईईडी, नक्सल वर्दी, फटाखे, नक्सली साहित्य सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। वहीं ग्राम कलपर और आमाटोला में बनाए गए चार नक्सल स्मारकों को ध्वस्त कर दिया गया।
इस कार्यवाही का नेतृत्व 94वीं वाहिनी बीएसएफ के 2IC प्रभारी सेनानी मनोज कसाना ने किया, जबकि जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी., डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल कुमार राखेचा के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
बरामद आईईडी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी बमों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया। इस कार्यवाही में एसी बीएसएफ 94वीं बटालियन सतेन्दर मोहन, एएसआई डीआरजी कमांडर उकेश कोर्राम समेत डीआरजी और बीएसएफ की पूरी टीम शामिल रही।
थाना छोटेबेठिया में इस मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है और पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि नक्सलियों की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस और सुरक्षा बलों की तत्परता देखकर राहत की सांस ली और अभियान की सफलता पर संतोष व्यक्त किया।

यह कार्रवाई जिले में नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक और मजबूत संदेश है कि सुरक्षा बल किसी भी प्रकार की नक्सली गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेंगे और क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखेंगे।

