कोलकाता 15 मार्च (आरएनएस)। विश्व धरोहर दिवस मनाने की प्रक्रिया में श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन संरक्षिणी महासभा, कोलकाता के तत्वाधान में आगामी 26 अप्रैल को कोलकाता तथा 27 अप्रैल को पंचेत पहाड़ में जैन धरोहर दिवस बड़े पैमाने पर मनाने की तैयारी शुरू की गई है। साल 2022 से यह हर साल जैन समाज के प्रख्यात धरोहर जीर्णोद्धार में अग्रिम भूमिका निभाने वाले स्वर्गीय निर्मल कुमार जैन(सेठी) की स्मृति में मनाया जाता है।
कोलकाता प्रेस क्लब में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए महासभा के महासचिव राजकुमार सेठी ने बताया कि 27 अप्रैल 2022 को स्वर्गीय निर्मल कुमार जैन की प्रथम पुण्यतिथि पर आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के सुप्रिटेंडेंट डॉक्टर शुभ मजूमदार ने जैन धरोहर दिवस मनाने की अनुशंसा की थी जिसे जैन समाज के सभी ने सहर्ष स्वीकार किया था। आगामी 26 अप्रैल को कोलकाता के धनधान्य सभागार में इस अवसर पर स्वर्गीय जैन के व्यक्तित्व और कृतित्व पर परिचर्चा के माध्यम से उनके बहुमूल्य योगदान को याद किया जाएगा।
गौरतलब है कि श्री निर्मल जैन ने पूरे विश्व में जैन पुरातत्व एवं इसके संरक्षण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। 40 वर्षों तक देश विदेश में जैन पुरातत्व के संग्रहण एवं संरक्षण में उनका योगदान अविस्मरणीय है। आज के वार्ता में पश्चिम बंगाल के अध्यक्ष निर्मल विन्दायका, उपाध्यक्ष विकास जैन, प्रचार मंत्री विजय सरावगी एवं परम शिरोमणि संरक्षक धर्मेंद्र जैन सेठी ने भी अपने विचार रखे और सभी को जैन धरोहर दिवस पर अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया।

