कोरबा 16 मार्च (आरएनएस)। गर्मी के शुरुआती दौर में ही मौसम ने करवट बदली है। मौसम संबंधी चेतावनी के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम काफी तेजी से बदला है। आज कोरबा जिले में भी शाम की शुरुआत में हल्की से तेज आंधी कई स्थानों में चली है। कई स्थानों पर तेज तो कई जगह मध्यम बारिश हुई तो कुछ इलाकों में बारिश की बूंद भी नहीं गिरी। मौसम के इस बदले मिजाज के कारण आम और चार की फसल लेने वाले किसानों को नुकसान की संभावना बनी हुई है साथ ही जिन्होंने रबी की फसल ली है, उन्हें भी नुकसान संभावित है। शहर क्षेत्र में मध्य और तेज बारिश तो ग्रामीण इलाकों में ओले भी गिरे हैं।
कोरबा शहर क्षेत्र में पहले बूंदाबांदी और फिर मध्यम स्तर की बारिश हुई। बारिश की वजह से सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा। इससे पूर्व आंधी-तूफान चलने के कारण लोग अपने सामानों को सहेजते,समेटते नजर आए। तेज हवा की वजह से राखड़ और कोल डस्ट की बारिश भी प्रभावित इलाकों में जमकर हुई। बालको क्षेत्र में तेज बारिश की खबर है कटघोरा इलाके में जमकर बारिश हुई है तो पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में भी बारिश तेज दर्ज की गई। पाली इलाके में मध्यम स्तर की बारिश की सूचना है। करतला विकासखंड अंतर्गत कई स्थानों पर तेज हवाओं के चलने तो कुछ मध्यम बारिश होने के साथ-साथ ओले गिरने की भी खबर है।
बताया गया कि करतला ब्लॉक के ग्राम चाम्पा, चचिया, करतला-कुदमुरा के मध्य जमकर ओले गिरे हैं। इसी तरह कोरबा ब्लाक अंतर्गत ग्राम डीडासरई, देवपहरी बडग़ांव आदि इलाकों में भी ओले गिरे हैं। यह मौसम ग्रामीणों के लिए चैंकाने वाला रहा जिसमें तेज आंधी तूफान और बारिश तो ठीक लेकिन ओले भी गिरे। लगभग एक से डेढ़ घंटे की बारिश ग्रामीण इलाकों में दर्ज की गई है। बारिश और खासकर ओले गिरने की वजह से किसानों को नुकसान सम्भावित है। मौसम के बदले मिजाज के मध्य बिजली की भी आंख मिचैली चलती रही। शहर क्षेत्र में कुछ समय के लिए बिजली गुल करने के बाद बहाल कर दी गई तो वहीं उपनगरीय व ग्रामीण, दूरस्थ इलाकों, पाली, रामपुर करतला में घंटे भर से अधिक समय से बिजली गुल रही।
०००

