कोरबा 16 मार्च (आरएनएस)। जिले के कटघोरा नगर में रविवार दोपहर बाद अचानक बदले मौसम में तेज आंधी और हल्की से मध्यम बारिश के बीच बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया।
कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग स्थित न्यू बस स्टैंड के पास खड़ा भारी-भरकम सांकेतिक बोर्ड तेज आंधी के चलते मुख्य मार्ग पर गिर गया। जिस समय खम्भा गिरा, सड़क मार्ग से उस वक्त राहगीर और वाहन गुजर रहे थे। एक कार गुजरी ही थी कि खम्भा गिरते हुए पिछले हिस्से को मात्र छू पाया। कुछ समय के लिए तो लोग सन्न रह गए। चर्चाओं के बीच नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग और पुलिस ने मामला सम्भाला। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह सामान्य मौसम में गिरा होता तो उस समय सड़क पर अधिक भीड़ होती और बड़ा हादसा हो सकता था।
०००००

