बालोद, 16 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भाजपा पार्षद पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। वार्ड की समस्याओं को लेकर हुए विवाद में तीन युवकों ने पार्षद और उनके साथी की बीच रास्ते में रोककर बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 7 टीचर कॉलोनी, राजहरा निवासी पार्षद वीरेन्द्र साहू 11 मार्च की रात अपने मित्र हेमंत नेताम के साथ एक शादी समारोह से घर लौट रहे थे। इसी दौरान टीचर कॉलोनी ग्राउंड के पास तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि वार्ड की समस्याओं का समाधान नहीं होने की बात को लेकर युवकों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर हाथ-मुक्कों तथा हाथ में पहने स्टील के कड़े से पार्षद पर हमला कर दिया। इस हमले में पार्षद वीरेन्द्र साहू के नाक, आंख, गाल और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने गमछे से उनका गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की। घटना के बाद घायल पार्षद और उनके साथी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले में हेमंत नेताम की शिकायत पर राजहरा थाना में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से तीनों आरोपियों को दुर्ग और धमतरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने दीपक यादव (33), अजीत सिंह (34) और कैलाश साहू (38) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। तीनों आरोपी टीचर कॉलोनी राजहरा के निवासी बताए जा रहे हैं।
०००

