दुर्ग 16 मार्च (आरएनएस) मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामलों में जब्त भारी मात्रा में नशीले पदार्थों का वैधानिक नष्टीकरण किया है। जिला स्तर पर गठित ड्रग्स डिस्पोजल समिति की मौजूदगी में कुल 58 प्रकरणों में जब्त गांजा, ब्राउन शुगर, टेबलेट, कैप्सूल और सिरप को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नारकोटिक्स सेल, पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देश पर यह कार्रवाई 16 मार्च 2026 को की गई। इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों को वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए नष्ट किया गया। नष्टीकरण के दौरान कुल 612.515 किलोग्राम गांजा, 6.550 ग्राम ब्राउन शुगर, 78,333 नग टेबलेट, 23,200 नग कैप्सूल और 197 नग नशीले सिरप नष्ट किए गए।
बताया गया कि गांजा, ब्राउन शुगर, टेबलेट और कैप्सूल का नष्टीकरण भिलाई इस्पात संयंत्र में किया गया, जबकि नशीले सिरप को थाना नेवई क्षेत्र में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नष्ट किया गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान ड्रग्स डिस्पोजल समिति के सदस्य, नोडल अधिकारी नष्टीकरण एवं भंडारण, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर, डीसीआरबी शाखा के अधिकारी-कर्मचारी तथा नगर पालिक निगम भिलाई के सहायक राजस्व अधिकारी बसंत कुमार देवांगन उपस्थित रहे।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


