0-प्रधानमंत्री मोदी ने मुआवजे की घोषणा की
कटक,16 मार्च (आरएनएस)। ओडिशा के कटक में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। यहां के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 10 मरीजों की मौत हुई है। आग तड़के 3 बजे अस्पताल में ट्रॉमा केयर के इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में लगी थी। हादसे के बाद आनन-फानन में गंभीर मरीजों को बाहर निकाला गया और दूसरी जगह शिफ्ट किया। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अस्पताल का दौरा किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस समय आईसीयू में आग लगी, उस समय वहां 23 मरीज भर्ती थे, जो गंभीर हालत में थे। उनको निकालकर दूसरी जगह शिफ्ट करने के दौरान 10 लोगों की मौत हुई है। मरीजों को शिफ्ट करने के दौरान करीब 11 अस्पताल के कर्मचारी भी झुलस गए हैं। उनका इलाज चल रहा है। आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं मिली है। प्रथम दृष्टया इसका कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री माझी ने अस्पताल का दौरा कर रहा, यह एक दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद घटना है। मैंने स्वास्थ्य विभाग को लोगों को सर्वोत्तम उपचार प्रदान करने का निर्देश दिया है और मृतक के परिवार के सदस्यों के लिए 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि वह व्यक्तिगत रूप से अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा के लिए 320 करोड़ रुपये का बजट जारी कर चुके थे। घटना को लेकर न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीडि़तों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई है। उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की है।
००

